आदर्श बाल मंदिर उच्च विद्यालय का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित
विद्या भारती हरियाणा प्रांत से संबंधित आदर्श बाल मंदिर उच्च विद्यालय नरवाना में बच्चों का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस कार्यक्रम में समिति के अधिकारी गण व विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का तिलक लगाकर वंदन किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। माननीय प्रबंध समिति के संरक्षक पवन, भारत भूषण, अध्यक्ष कृष्ण, उपाध्यक्ष नीरज नागपाल, डॉ. धूप सिंह, प्रबंधक दिनेश गोयल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र ग्रोवर, सदस्य अजय, शिक्षाविद दिनेश, महिला प्रतिनिधि डॉ. शोभा, अभिभावक प्रतिनिधि कुलदीप, आचार्य प्रतिनिधि जोगिंदर सिंह व प्राचार्य सुरेंद्र का भरपूर समर्थन एवं सहयोग रहा।
वंदना सभा के बाद प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार द्वारा समिति के सभी सदस्यों का परिचय करवाया गया व पटका पहनाकर उनका वंदन एवं स्वागत किया गया। परिचय के बाद आकांक्षा, वर्षा, कामाक्षी व नेहा आदि बच्चों ने गीत के माध्यम से सुंदर प्रस्तुति दी। रामकेश ने परीक्षा परिणाम कक्षा नर्सरी से कक्षा नवमी तक का वृत्त रखा। मंच का संचालन संदीप ने किया। संदीप द्वारा उच्च कक्षा, सुमन नैन द्वारा मिडिल कक्षा, अनीता द्वारा प्राथमिक कक्षा व अलका द्वारा शिशु वाटिका का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ।
ये खबर भी पढ़े – Punjab Police Constable Recruitment 2026: 3298 Posts, Eligibility
छात्र जतिन ने हारमोनियम के माध्यम से सुंदर गीत की प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य सुरेंद्र ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम बच्चों की मेहनत का परीक्षाफल है। उन्होंने सभी बच्चों को अगली कक्षा में बढने के लिए साधुवाद और शुभकामनाएं दी। प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले अव्वल बच्चों को पुरस्कार एवं आशीर्वाद दिया, साथ में टॉप 10 में रहने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। विद्या भारती द्वारा संस्कृति ज्ञान परीक्षा में अव्वल रहने वाले अभिभावकों को प्रबंध समिति द्वारा मंच पर प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करवाया गया। वर्ष 2025-26 में 100 प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों को भी मंच पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले सभी खिलाडियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अंत में प्रबंध समिति के सभी सदस्यों, अभिभावकों, आचार्य बंधु एवं भगिनी का आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी आगंतुकों को जलपान करवाया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के समस्त आचार्य भैया, बहन उपस्थित रहे।