वेदांता स्कूल में हवन-यज्ञ संग ज्ञान यात्रा का भव्य आगाज़
वेदांता इंटरनेशनल स्कूल, कलौदा खुर्द में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच हवन-यज्ञ के साथ किया गया। विद्यालय परिसर उस समय वैदिक मंत्रों की गूंज, हवन की पावन सुगंध और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा, जब समस्त विद्यार्थी, शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एक साथ इस पावन अनुष्ठान में सहभागी बने।
विद्यालय की परंपरा के अनुरूप प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नए सत्र की शुरुआत वैदिक विधि-विधान से की गई। हवन का संचालन विद्वान पंडित मेहर चंद जी ने पूर्ण श्रद्धा और शुद्ध मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न करवाया। उनके द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रों ने वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया। उपस्थित सभी ने श्रद्धापूर्वक आहुति अर्पित कर ज्ञान, सफलता, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये खबर भी पढ़े – बेलरखा में फुटबॉल नर्सरी ट्रायल सफल, शिव बने कोच
हवन के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर नई आशाओं और सपनों की चमक स्पष्ट दिखाई दे रही थी। शिक्षकों एवं प्रबंधन सदस्यों ने भी विद्यालय की निरंतर उन्नति एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। पूरे वातावरण में आस्था, अनुशासन, संस्कृति और आधुनिक शिक्षा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरपर्सन श्री रवि श्योकंद, चेयरपर्सन श्रीमती शीला देवी, निदेशक इंजीनियर प्रदीप नैन एवं प्राचार्या श्रीमती वीणा डारा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को नए सत्र की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच का समावेश ही वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
हवन-यज्ञ के उपरांत सभी विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करते समय विद्यार्थियों में उत्साह, उमंग और नए सत्र के प्रति जोश स्पष्ट झलक रहा था।
वेदांता इंटरनेशनल स्कूल का सदैव यह प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ा जाए, ताकि उनका बौद्धिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक विकास संतुलित रूप से हो सके। इसी सकारात्मक ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ विद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र की मंगलमय एवं प्रेरणादायक शुरुआत की।






